इनेलो-बसपा का लापता उम्मीदवार 20 घंटे बाद मिला: सीधे SDM ऑफिस पहुंचकर नॉमिनेशन वापस लिया; पार्टी नेताओं से बोले तक नहीं – bahadurgarh (jhajjar) News

इनेलो-बसपा के उम्मीदवार महेंद्र सिंह का फाइल फोटो।

हरियाणा में बादली विधानसभा से ​INLD-​​​​​‌BSP प्रत्याशी महेंद्र सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। रविवार शाम चार बजे से वह बिना कुछ बताए घर से निकले थे, वह अपना फोन भी घर पर छोड़ गए थे। जिसके बाद किसी को भी खबर नहीं थी की वो कहां हैं। बसपा के जिला

.

लेकिन करीब 20 घंटे बाद महेंद्र अपनी पत्नी शिक्षा देवी के साथ उपमंडल कार्यालय में पहुंचे और उन्होंने SDM सतीश यादव के सामने अपना अपना नामांकन वापस ले लिया।

इस विषय में पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश का मानना है कि BSP प्रत्याशी महेंद्र सिंह पर किसी के द्वारा दबाव बनाया गया है। मौके पर पार्टी के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने किसी पदाधिकारी से कोई भी बातचीत नहीं की। उन्होंने किसी को नहीं बताया कि वह नामांकन क्यों वापस ले रहे हैं।

साथ ही इस दौरान उन्होंने ये भी नहीं बताया की पिछले 20 घंटे से वो कहां थे। हालांकि महेंद्र सिंह की पत्नी ने पहले ही दावा कर दिया था कि उनके पति रिश्तेदारी में गए हुए हैं। लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।

उपमंडल कार्यालय में खड़े बसपा नेता।

उपमंडल कार्यालय में खड़े बसपा नेता।

लापता उम्मीदवार के एक्शन ने पार्टी को चौंकाया 20 घंटे तक घर से गायब रहने के बाद जैसे ही महेंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ उपमंडल कार्यालय पहुंचे तो पार्टी के नेता हैरान हो गए। हालांकि ज्यादा हैरानी उन्हें तब हुई जब महेंद्र सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। मौके पर मौजूद पार्टी के पदाधिकारी ने उनसे बातचीत करने का भी प्रयास किया लेकिन महेंद्र किसी से भी बात करने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने अपना नामांकन वापस लिया और तुरंत कार्यालय से निकल अपने घर की ओर चले गए।

एसडीएम को भी नहीं दी कोई जानकारी दरअसल, महेंद्र सिंह के गायब होने के बाद BSP जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश व अन्य पदाधिकारियों ने एसडीएम को दिए अपने पत्र में कहा था की महेंद्र सिंह जब तक फिजिकली रूप से सामने न आ जाए, तब तक उनका पर्चा रद्द न किया जाए। मामला संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने पूरे मामले की जांच करने की बात कही थी, हालांकि आज जब महेंद्र सिंह ने एसडीएम के सामने ही अपना नामांकन वापस लिया तो, उन्होंने एसडीएम को भी नहीं बताया कि आखिर वो गायब कहां थे।

कई सालों से पार्टी से जुड़े हुए थे महेंद्र सिंह बता दें की पेल्पा निवासी महेंद्र सिंह एक साधारण और गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। हालांकि उनकी पत्नी पहले पार्टी की महिला हलका अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं पिछले कई कई सालों से महेंद्र ही हलका अध्यक्ष के पद पर थे।

पूर्व में नामांकन करते हुए महेंद्र सिंह।

पूर्व में नामांकन करते हुए महेंद्र सिंह।

बसपा ने भरोसा कर दिया था टिकट महेंद्र शुरू से ही बसपा से जुड़े हुए है। कार्यकर्ता के तौर पर और पदाधिकारी के तौर पर भी उन्होंने बसपा के लिए काफी काम किए हैं। उनके काम और पार्टी के प्रति वफादारी के कारण ही उनपर विश्वास जताया गया था और उन्हें इनेलो-बीएसपी गठबंधन के तहत बादली से संयुक्त प्रत्याशी घोषित किया गया था।

बसपा की ओर से प्रत्याशी के लापता होने की एसडीएम काे दी गई शिकायत की प्रति।

बसपा की ओर से प्रत्याशी के लापता होने की एसडीएम काे दी गई शिकायत की प्रति।

बात नहीं हुई तो पार्टी ने लापता किया घोषित रविवार को घर से निकलने के बाद जब सोमवार तक पार्टी का कोई पदाधिकारी महेंद्र से बात नहीं कर पाया तो बीएसपी जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश दोचानिया, प्रदेश महासचिव प्रवीण फतेहपुरी व अन्य पार्टी के अन्य पदाधिकारी एसडीएम को शिकायत देने पहुंचे और उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उनके बादली हलके से बीएसपी प्रत्याशी महेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह निवासी गांव पेलपा (40) रविवार शाम करीब 4 बजे से कहीं गुम हो गए हैं।

एसडीएम कार्यालय की ओर से दी गई रसीद।

एसडीएम कार्यालय की ओर से दी गई रसीद।

एसएचओ बोले- परिवार ने नहीं दी शिकायत बादली थाना प्रभारी रमेश कुमार ने इस मामले पर बताया था कि मामले की सूचना मिलने पर उन्होंने प्रत्याशी के घर का दौरा किया था। परिजनों से पूछताछ की, लेकिन उनकी पत्नी ने बताया कि वह अपनी किसी रिश्तेदारी में रुपए पैसे लेने गए हैं। वह फोन घर पर ही छोड़ गए हैं। इस विषय में गुमशुदगी की अगर कोई शिकायत मिलेगी तो मामला दर्ज किया जाएगा।