अलीगढ़ के थाने में बेटे ने मां को जिंदा जलाया: पुलिस के सामने पेट्रोल डालकर लगाई आग; 80% जली महिला; प्रॉपर्टी के लिए हुआ था झगड़ा – Aligarh News

अलीगढ़ में बेटे ने थाने में मां को जिंदा जला दिया। उसने पुलिसवालों के सामने ही मां पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।

.

पुलिसकर्मियों ने मिट्‌टी और कंबल डालकर किसी तरह महिला को बचाया, लेकिन तब तक वह 80% झुलस गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। महिला का अपनी ससुराल वालों से प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसके बाद मां और बेटे थाने गए थे। बेटे ने अपने ताऊ के परिवार को फंसाने के लिए मां को आग लगा दी।

मामा के मकान में रहती थी हेमलता, खाली करने का था दबाव
SP देहात पलाश बंसल ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का नाम हेमलता है। उसके पति राज बहादुर सिंह की 5 साल पहले मौत हो चुकी है। दरकन नगरिया गांव में एक पुश्तैनी मकान है। इसमें हेमलता अपने बेटे के साथ रहती है। यह मकान राज बहादुर के मामा चंद्रभान के नाम पर है।

शुरु से राज बहादुर यहां परिवार के साथ रहता आया। जब उसकी मौत हो गई, तब चंद्रभान मकान को खाली करने का दबाव बना रहा था। हेमलता और उसका बेटा 10 लाख रुपए चाहते थे। चंद्रभान 5 लाख रुपए देने पर तैयार था। इस मामले की थाने में कई दिनों से पैरवी चल रही थी।

पहले घटना की 3 तस्वीरें…

थाने के अंदर महिला की आग की लपटों में घिरी हुई तस्वीरें सामने आई हैं।

थाने के अंदर महिला की आग की लपटों में घिरी हुई तस्वीरें सामने आई हैं।

महिला को आग की लपटों में घिरा हुआ देखकर पुलिस वालों ने कंबल और मिट्‌टी डाली।

महिला को आग की लपटों में घिरा हुआ देखकर पुलिस वालों ने कंबल और मिट्‌टी डाली।

आग लगने के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। सभी महिला को बचाने की कोशिश करने लगे।

आग लगने के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। सभी महिला को बचाने की कोशिश करने लगे।

5 महीने पहले हेमलता ने दर्ज कराई थी छेड़खानी की FIR
हेमलता ने 5 महीने पहले अपने ही मामा ससुर और उसके परिवार के लोगों पर छेड़खानी की एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद इसमें चार्जशीट लगा दी थी। मगर चंद्रभान की गिरफ्तारी नहीं की। इसके बाद हेमलता ने थाने में फिर एक तहरीर सौंपी कि उसके साथ चंद्रभान और उसके परिवार ने मारपीट की है।

पुलिस ने पारिवारिक विवाद मानते हुए फिर कोई कार्रवाई नहीं की। विवाद बढ़ता देखकर मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था।

हेमलता का भाई चंद्र मोहन सामने आया। उसने आरोप लगाए कि थाने में हेमलता और उसका बेटा पहुंचे थे। दूसरे पक्ष से चंद्रभान, मुकेश और उनके बेटे आए थे। चंद्रभान ने धमकी दी कि यही आग लगा दूं क्या तूझे। हेमलता परेशान हो गई थी। वह थाने से बाहर आ गई थी।

थाने में आग इतनी तेज भड़की कि लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया।

थाने में आग इतनी तेज भड़की कि लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया।

हेमलता ने पहले खुद आग लगानी चाही, मगर कपड़ा जला नहीं
थाने में लगे CCTV में दिखा कि हेमलता ने खुद और उसके बेटे ने पेट्रोल छिड़का। उसके बाद एक लाइटर से हेमलता ने 2 बार खुद आग लगाने का प्रयास किया। फिर लाइटर जमीन पर गिर जाता है। इसके बाद बेटे ने लाइटर उठाया और जलाया। कुछ देर में महिला आग की लपटों में घिरी दिखती है। उसका बेटा बचाने का प्रयास नहीं करता है, बल्कि वीडियो बनाने लगता है।

6-7 पुलिस वालों ने बचाने की कोशिश की, मगर महिला झुलस गई
महिला को आग में घिरा देखकर थाने में मौजूद पुलिस वालों ने महिला को कंबल से ढकने का प्रयास किया। मगर आग बहुत तेजी से फैली। 6-7 पुलिस वालों की कोशिशों के बावजूद महिला झुलस गई। उसको अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रवाना किया गया।

पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में लिया है। ऐसा माना जा रहा है कि बेटे ने अपने ही परिवार के लोगों को फंसाने के लिए मां को आग के हवाले कर दिया। SP देहात ने कहा- हमारे पास इस घटना की CCTV आ चुका है। बेटा को हिरासत में लिया गया है।