अर्जेंटीना तीसरी बार फुटबॉल वर्ल्डकप चैंपियन: 36 साल बाद जीता खिताब; जयपुर में ताई के टुकड़े-टुकड़े कर हरिद्वार गंगा नहाने गया था भतीजा

  • Hindi News
  • National
  • Rajasthan Dainik Bhaskar News Headlines; Narendra Modi North East | Jharkhand Murder, India WTC Ranking, FIFA World Cup Final

जयपुर4 घंटे पहलेलेखक: धर्मेंद्र कृष्ण तिवारी

नमस्कार,

आज की शुरुआत फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप से। अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने पिछले वर्ल्ड कप के चैंपियन फ्रांस को पेनाल्टी शूटआउट में हराया। मैच के पहले 80 मिनट तक अर्जेंटीना मैच पर हावी रहा। 80वे और 82वे मिनट में फ्रांस के एम्बाप्पे ने दो गोल करके बराबरी की। एक्स्ट्रा टाइम में दोनों टीमों ने एक-एक गोल दागकर बराबरी की। पेनाल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने 4-2 से फ्रांस को हरा दिया।

अर्जेंटीना ने 36 साल बाद यह खिताब जीता। अर्जेंटीना तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है। फ्रांस के एम्बाप्पे के फाइनल मुकाबले में तीन गोल दागे। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने 8 गोल करके गोल्डन बूट जीता। दूसरे नंबर पर अर्जेंटीना के लियोनल मेसी रहे उन्होंने 7 गोल दागे हैं।

इधर, जयपुर में ताई की हत्या कर उनके आठ टुकड़े करने वाला इंजीनियर भतीजा शव को ठिकाने लगाने के बाद गंगा स्नान करने के लिए हरिद्वार गया था। आरोपी अनुज 13 दिसंबर को हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से निकल गया। हरिद्वार के पतंजलि संस्थान में पेट दर्द का इलाज करवाया। गंगा स्नान कर गंगाजल लिया। गाजियाबाद में धार्मिक संस्थान से जुड़े भक्त दोस्त के घर जाकर गंगाजल दिया। एक दिन दोस्त के यहां रुक कर दिल्ली में संकीर्तन किया, इसके बाद एक दिन बुआ के घर रुका।

अनुज से भास्कर ने बातचीत की। बोला- मैं कसूरवार नहीं हूं। कोर्ट फैसला करेगा, तब आरोपी माना जाऊंगा। कोर्ट में दोषी होने पर मेरी फोटो खींच लेना। अभी मैं दोषी नहीं हूं, मेरे वकील से बात करना।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी मामले में परिसर में सर्वे आदेश के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई वाराणसी कोर्ट में होगी।
  2. दिल्ली शराब घोटाला मामले में विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली की जमानत पर राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई होगी।
  3. दिल्ली के रामलीला मैदान में भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसान गर्जना रैली होगी।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी…

1. अर्जेंटीना ने फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में हराया; मेसी के 2 गोल, काम न आई एम्बाप्पे की हैट्रिक

लियोनल मेसी का वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना पूरा हो गया। अर्जेंटीना ने रविवार को खेले गए फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में फ्रांस को पेनल्टी शूट आउट में 4-2 से हरा दिया। तय 90 मिनट तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रही थी। एक्स्ट्रा टाइम के बाद मुकाबला 3-3 की बराबरी पर रहा था। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट से फैसला हुआ। फाइनल में मेसी ने दो गोल किए। वहीं, फ्रांस के लिए किलियन एमबाप्पे ने हैट्रिक जमाई।

90 मिनट तक स्कोर लाइन 2-2 से बराबर थी। इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया। एक्स्ट्रा टाइम में दोनों टीमों ने 1-1 गोल दागे। 90 मिनट में दोनों टीमों से 4 गोल आए थे। अर्जेंटीना के लिए फर्स्ट हाफ के 23वें मिनट में लियोनल मेसी और 36वें मिनट में एंजल डी मारिया ने गोल दागे। वहीं, फ्रांस के कीलियन एम्बाप्पे ने 97 सेकेंड में 2 गोल दागकर स्कोर लाइन 2-2 से बराबर कर दी। एम्बाप्पे ने 80 मिनट में पेनल्टी से और 81वें मिनट में फील्ड गोल दागा। पूरी खबर पढ़ें

2. झारखंड में दिल्ली की श्रद्धा से भी क्रूर हत्या, दिलदार ने पत्नी के किए 50 टुकड़े
झारखंड में दिल्ली की श्रद्धा से भी क्रूर हत्या हुई है। आफताब ने श्रद्धा के 35 टुकड़े किए थे, लेकिन साहिबगंज में 25 साल के दिलदार अंसारी ने पत्नी रिबिका पहाड़िन के 50 से ज्यादा टुकड़े किए। हत्या के बाद उसके शव के इलेक्ट्रिक कटर से टुकड़े किए। कुछ टुकड़े घर में छिपा दिए, जबकि अन्य टुकड़े मोहल्ले के आसपास सुनसान जगहों पर फेंके दिए। जिसे कुत्ते नोंच-नोंच कर खा रहे थे।

जब लोगों ने कुत्तों को इंसान का मांस खाते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। अब तक पुलिस को 18 टुकड़े मिले हैं। सिर समेत दूसरे अंगों की तलाश पुलिस कर रही है। रिबिका का सिर अब तक नहीं मिला है। 22 साल की रिबिका आदिम पहाड़िया जनजातीय समुदाय की थी। रिबिका साहिबगंज के डोडा पहाड़ की रहने वाली थी। दोनों ने एक महीने पहले ही लव मैरिज की थी। दिलदार की ये दूसरी शादी थी। पूरी खबर पढ़े

3. बांग्लादेश को पहले टेस्ट में हराते ही WTC के टॉप-2 में पहुंची टीम इंडिया

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मैच बेहद आसानी से 188 रन से जीत लिया। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को दो दिन के अंदर हरा दिया। इन दो नतीजों का भारत को जबरदस्त फायदा हुआ है और टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में आ गई है। अगर भारत यह पोजिशन बरकरार रखने में सफल होता है तो उसका फाइनल खेलना पक्का हो जाएगा।

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व भारतीय टीम इस टेबल में चौथे स्थान पर थी। तब ऑस्ट्रेलिया पहले, साउथ अफ्रीका दूसरे और श्रीलंका टीम तीसरे नंबर पर थी। भारत और इन्हीं 3 टीमों के बीच फाइनल में पहुंचने की रेस चल रही है। बाकी टीमें फाइनल की होड़ से बाहर हो चुकी हैं। बांग्लादेश पर जीत की बदौलत भारत तीसरे नंबर पर पहुंचा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को हरा दिया। इससे साउथ अफ्रीका तीसरे स्थान पर फिसल गया और भारत नंबर-2 हो गया। पूरी खबर पढ़े

4. ताई के टुकड़े कर हरिद्वार गंगा नहाने गया था भतीजा; हत्या के एक दिन पहले उनकी कीमो कराई थी

जयपुर में दिल्ली के श्रद्धा मर्डर जैसे मामले ने सभी को हैरान कर दिया है। आरोपी अनुज शर्मा (32) ने अपनी ताई सरोज (65) की हत्या की और फिर शव के 8 टुकड़े कर दिए। परिवार के लोग अब भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि अनुज ऐसा कर सकता है। अनुज एक साल से हरे कृष्णा मूवमेंट से जुड़ा था।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। अनुज ने बताया कि वह मर्डर के बाद हरिद्वार गया था, वहां गंगा में स्नान किया और इसके बाद कीर्तन में हिस्सा लिया। पुलिस ने अनुज से शव के टुकड़े करने के बारे में पूछा तो बोला आप लोग ही बता दो मैं शव को डिस्पोज कैसे करता। हत्या से एक दिन पहले खुद अनुज ताई सरोज की कीमो करवाकर लाया था। ताई सरोज का महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज में कैंसर का इलाज चल रहा था। ताई कहती थी अभी 5-6 साल तो आसानी से जी जाऊंगी।

पूरी खबर पढ़ें

5. PM मोदी तवांग झड़प के बाद पहली बार नॉर्थ-ईस्ट पहुंचे, रोड शो भी किया

तवांग में भारत-चीन सेना के बीच झड़प के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्थ-ईस्ट में मेघालय और त्रिपुरा पहुंचे। वे रविवार को शिलॉन्ग में नॉर्थ ईस्टर्न काउंसिल (NEC) के 50 साल पूरे होने पर गोल्डन जुबली कार्यक्रम में शामिल हुए। मोदी इस कार्यक्रम में मेघालय की ट्रेडिशनल ड्रेस पहनकर पहुंचे।

PM मोदी ने त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में रोड शो भी किया। मोदी ने अगरतला में 4350 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अगरतला की जनसभा में मोदी ने कहा कि पहले नॉर्थ ईस्ट की चर्चा केवल चुनाव होने या हिंसा होने पर होती थी। आज आज नॉर्थ इस्ट की चर्चा सफाई, विकास, गरीबों को घर मिलने और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हो रही है। त्रिपुरा छोटे राज्यों में सबसे स्वच्छ राज्य है। पूरी खबर पढ़ें

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. मिसेज वर्ल्ड 2022 बनीं सरगम कौशल:21 साल बाद भारत को मिला ताज, आखिरी बार 2001 में अदिति गोवित्रिकर ने जीता था खिताब (पूरी खबरें पढ़ें)
  2. भारतवंशी लियो वराडकर आयरलैंड के नए प्रधानमंत्री बने:PM मोदी ने बधाई दी, कहा- साथ मिलकर नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे (पूरी खबरें पढ़ें)
  3. ट्रेन में युवक की पीट-पीटकर हत्या, VIDEO:चोरी के शक में दिल्ली-अयोध्या एक्सप्रेस में 50 किमी तक पीटा; फिर बाहर फेंका (पूरी खबरें पढ़ें)
  4. हैदराबाद में ऑनर किलिंग:पिता ने देर रात सौतेली बेटी को फोन पर बात करते देखा, गुस्से में घोंट दिया गला (पूरी खबरें पढ़ें)
  5. केजरीवाल बोले- हमें भगवान ने देश सुधारने के लिए भेजा:मेरा विजन पार्टी नहीं, देश; 2027 में गुजरात में सरकार बनाएंगे (पूरी खबरें पढ़ें)

खबर लेकिन कुछ हटके…

तोता ने मम्मी-पापा बोलकर खुद चुना अपना मालिक, 60 हजार के तोते के लिए थाने पहुंचे थे दो परिवार

आगरा में एक तोते पर हक जताने के लिए दो लोगों के बीच विवाद हो गया। 3 घंटे तक थाने में बहस चलती रही। सबसे दिलचस्प बात ये है कि इसका पटाक्षेप तोता ने ही कराया। वह अपने असली मालिक के पास गया और मम्मी-पापा बोला। थाने में चल रहे विदेशी तोते के विवाद की कहानी पुलिस के उच्चाधिकारी तक पहुंच गई। उन्होंने थानाध्यक्ष को एक आइडिया दिया और उसके हिसाब से तोते के असली मालिक की पहचान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि तोते का जिस पार्टी लगाव हो, तोता उसी को दे दिया जाए।

इसके बाद तोते को पिंजड़े से निकालकर टेबिल पर छोड़ा गया। दोनों पक्ष टेबिल के सामने खड़े रहे। तोते के पिंजड़े से बाहर आते ही दोनों पक्षों धड़कन बढ़ने लगीं और तोता आगे की ओर कदम रखते हुए उस पक्ष की ओर चला गया जो उसे 3 साल से पाल रहे थे। तोता अपनी भाषा में उन्हें बार-बार मम्मी-पापा बोलने लगा। इसके बाद पुलिस ने तोते को पालने पक्ष के सुपुर्द कर दिया। पूरी खबर पढ़ें

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

फोटो जो खुद में खबर है…

मोरमुगाओ-P15B आज भारतीय नौसेना में शामिल हो गया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुंबई के नेवल डॉकयॉर्ड पर इसे कमीशन किया। यह एक स्टील्थ गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर है, जिसका 75% हिस्सा देश में ही बनाया गया है। भारतीय नौसेना के अनुसार यह पी-15 ब्रावो क्लास का दूसरा जहाज है। P-15B में चार जहाज विशाखापत्तनम, मोरमुगाओ, सूरत और इंफाल शामिल हैं। इम्फाल और सुराल जल्द ही नौसेना में शामिल हो जाएंगे।

इस वॉरशिप का नाम पोर्ट सिटी गोवा पर रखा गया है। मोरमुगाओ ने पिछले साल 19 दिसंबर को पहली समुद्री यात्रा की थी, जब गोवा ने पुर्तगाली शासन से 60 साल की मुक्ति का जश्न मनाया था। इसकी कमीशनिंग भी 18 दिसंबर को गोवा मुक्ति दिवस की पूर्व संध्या पर हुई। जहाज की लंबाई 163 मीटर और चौड़ाई 17 मीटर है और इसमें 7,400 टन का डिस्प्लेसमेंट है। INS मोरमुगाओ भारत में बना अब तक का सबसे शक्तिशाली वॉरशिप है। हालांकि इसके रडार क्रॉस सेक्शन (RCS) को बेहतर स्टील्थ फीचर्स के कारण कम किया गया है।

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था

काकोरी कांड में शामिल राम प्रसाद बिस्‍मिल, अशफाक उल्‍ला खान और रोशन सिंह को हुई थी फांसी

राम प्रसाद बिस्मिल।

राम प्रसाद बिस्मिल।

आज ही के दिन 1927 में क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर जेल अशफाक उल्ला खान को फैजाबाद जेल और रोशन सिंह को इलाहाबाद में फांसी दी गई थी। तीनों सेनानी काकोरी कांड में शामिल थे। दरअसल, 1922 में गोरखपुर में हुए चौरी-चौरा कांड के बाद गांधी जी ने असहयोग आंदोलन वापस ले लिया। गांधी जी के इस फैसले से युवा क्रांतिकारी सबसे ज्यादा निराश हुए। आंदोलन से निराश युवाओं ने ये फैसला लिया कि वो एक पार्टी का गठन करेंगे।

अशफाक उल्ला खान।

अशफाक उल्ला खान।

सचीन्द्रनाश सान्याल के नेतृत्व में हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की स्थापना हुई। योगेशचन्द्र चटर्जी, रामप्रसाद बिस्मिल, सचिन्द्रनाथ बक्शी पार्टी के महत्वपूर्ण सदस्यों में शामिल थे। बाद में चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह भी पार्टी से जुड़ गए। पार्टी का मानना था कि भारत की आजादी के लिए हथियार उठाने ही पड़ेंगे।

हथियार खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसलिए क्रांतिकारियों ने फैसला लिया गया कि सरकारी खजाने को लूटा जाए। क्रांतिकारियों ने 9 अगस्त 1925 को सहारनपुर से लखनऊ जा रही ट्रेन को लूटा। इस ट्रेन को काकोरी स्टेशन पर रोक गया और बंदूक की नोक पर गार्ड को बंधक बनाकर लूटा गया। क्रांतिकारियों के हाथ कुल 4,601 रुपए की रकम आई।

रोशन सिंह।

रोशन सिंह।

इस घटना से ब्रिटिश सरकार में भूचाल मच गया। आनन-फानन में गिरफ्तारियां की गईं। हालांकि घटना में केवल 10 ही लोग शामिल थे लेकिन सरकार ने एक महीने के अंदर करीब 40 लोगों की गिरफ्तार किया। 6 अप्रैल 1927 को फैसला सुनाया गया। राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र लाहिड़ी और ठाकुर रोशन सिंह को फांसी की सजा सुनाई गई। कई लोगों को 14 साल तक की सजा दी गई। सरकारी गवाह बनने पर दो लोगों को रिहा कर दिया गया। चंद्रशेखर आजाद पुलिस की गिरफ्त से दूर ही रहे।

1983: ब्राजील में चोरी हो गई थी फुटबॉल वर्ल्ड कप की ट्रॉफी
ब्राजील फुटबॉल की सबसे सफल टीम है। उसने पांच बार वर्ल्ड कप जीता है। लेकिन, उसके साथ फुटबॉल की ऐसी कहानी भी जुड़ी है, जिसे वो भुलाना चाहेगा। बात 19 दिसंबर 1983 की है। इस दिन ब्राजील की राजधानी रियो-डि जेनेरियो में जूल्स रिमे ट्रॉफी (उस वक्त फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी इसी नाम से जानी जाती थी।) चोरी हो गई। ट्रॉफी ब्राजील फुटबॉल संघ के मुख्यालय में एक बुलेटप्रूफ कांच के शो केस में रखी थी। लेकिन, इसका पिछला हिस्सा लकड़ी का था। चोरों ने हथौड़े से पीछे का हिस्सा तोड़कर ट्रॉफी चुरा ली। तीन दशक से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी चोरी हुई ट्रॉफी नहीं मिली।

वैसे ये पहला मौका नहीं था जब फुटबॉल वर्ल्ड कप की ट्रॉफी चोरी हुई हो। 1966 में भी ये ट्रॉफी सेंट्रल लंदन के वेस्टमिंस्टर हॉल से चोरी हो गई थी। हालांकि, सात दिन बाद पिक्लेस नाम के डॉग ने इसे एक घर के गॉर्डन में खोज निकाला। जहां ये ट्रॉफी एक अखबार में पड़ी हुई थी।

19 दिसंबर की महत्वपूर्ण घटनाएं…

2012: पार्क ग्युन हे दक्षिण कोरिया की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं। हालांकि, 2017 में उन्हें भ्रष्टाचार के चलते पद से हटा दिया गया। अगस्त 2018 में उन्हें 25 साल की सजा सुनाई गई।
2007: टाइम मैगजीन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ चुना।
1998: अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव ने उस वक्त के राष्ट्रपति बिल क्लिंटन पर महाभियोग लगाया। हालांकि, उच्च सदन सीनेट से उन्हें बरी कर दिया गया।
1997: इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक टाइटैनिक रिलीज हुई। फिल्म में लियोनार्डो डि कैप्रियो और केट विंसलेट मुख्य भूमिका में थे।
1984: चीन और ब्रिटेन के बीच 1997 तक हांगकांग चीन के वापस करने के समझौते पर दस्तखत किए।
1974: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रिकी पोंटिंग का जन्म हुआ।
1961: गोवा को पुर्तगाल की गुलामी से आजादी मिली। ऑपरेशन विजय के तहत भारतीय सैनिकों ने गोवा, दमन और दीव को पुर्तगाल से मुक्त कराया।
1941: जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने सेना की पूरी कमान अपने हाथ में ले ली और जर्मन सेना का कमांडर इन चीफ बना।
1934: भारत की पहली और अब तक की इकलौती महिला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का जन्म हुआ।

मकर राशि वालों को नौकरी और बिजनेस में तरक्की के मौके मिलेंगे। तुला राशि वालों के इनकम सोर्स बढ़ेंगे जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

खबरें और भी हैं…