अखिलेश बोले-BJP की अयोध्या हार, भगवान राम का फैसला: संसद में कहा-पहली बार हारी हुई सरकार विराजमान, हम आज भी EVM के खिलाफ – Uttar Pradesh News

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 28 मिनट तक बोला। उनका बयान यूपी पर केंद्रित रहा। सपा प्रमुख ने अयोध्या और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जमकर हमला बोला।

.

उन्होंने कहा- यूपी के साथ भेदभाव हुआ। जिसका खामियाजा जनता भुगत रही। यूपी सरकार पेपर लीक करा रही, जिससे उसे नौकरी न देनी पड़े, लेकिन आवाम ने हुकूमत का गुरूर तोड़ दिया।

अखिलेश ने कहा- देश में पहली बार हारी हुई सरकार विराजमान है। ये चलने वाली नहीं, गिरने वाली है। मनमर्जी नहीं, जनमर्जी चलेगी। यह भगवान राम का फैसला है। जो कहते थे उन्हें लाए हैं, उन्हें ही हरा दिया।

सपा प्रमुख ने अयोध्या में रामपथ धंसने और श्रीराम स्टेशन की दीवार गिरने पर तंज कसते हुए कहा- यूपी की मुख्य नगरी में अब तो नाव चल रही है। स्टेशन की दीवार बेईमानी की निशानी बन गई है।

अखिलेश की 7 बड़ी बातें पढ़िए…

1- अयोध्या की हार भगवान राम का फैसला
अखिलेश यादव ने कहा- जिसकी लाठी में आवाज नहीं होती, उसने अयोध्या में उन्हें हराया, जो उन्हें लाने का दावा करते थे। यह भगवान राम का फैसला है, होइहि सोई जो राम रचि राखा।

2- यूपी में विनाश की जिम्मेदारी कब लेंगे
विकास का ढिंढोरा पीटने वाले विनाश की जिम्मेदारी कब लेंगे? हमने सड़क बनाई तो हवाई जहाज उतरे। यूपी में अब सड़क पर नाव चल रही। देश के प्रधान सांसद जी ने अनाथ पशुओं के बारे में बहुत कुछ कहा था। तब वादा किया था, लेकिन कई चुनाव बीत गए। अभी तो गन्ने का रेट नहीं मिला है।

3- यूपी की मुख्य नगरी में अब तो नाव चल रही
यूपी में जहां विकास के नाम पर लूट का राज खोलते गड्ढे प्रदेश का नाम खराब कर रहे हैं। वहीं पहली बारिश में टपकती हुई छत और गिर चुकी स्टेशन की दीवार बेईमानी की निशानी बन गई है। यूपी की मुख्य नगरी में अब तो नाव चल रही है। और बारिश हुई तो नाव से चलना पड़ेगा।

4- नौकरी न देनी पड़े, इसलिए यूपी सरकार पेपर लीक करा रही
यूपी में जितनी प्रतियोगी परीक्षाएं हुईं, सबके पेपर लीक हुए। देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा (NEET) का पेपर भी लीक हुआ है। सरकार इसलिए पेपर लीक करा रही है, जिससे लोगों को नौकरी न मिल सके।

5 – बनारसी चाह रहे कोई उनका भी दर्द सुने
लोग क्यूटो की फोटो लेकर बनारस की गलियों से लेकर गंगा तक घूम रहे हैं। बनारसी चाह रहे हैं कि कोई गंगा जी के तल में उतरकर उनका दर्द भी जाने। यूपी की जनता का बस यही आग्रह है कि जिस गंगाजल को हाथ में लेकर सच बोलने की कसम खाई जाती है। कम से कम उनसे तो झूठ न बोला जाए।

6- EVM पर न कल भरोसा था, न आज
EVM पर हमें न कल भरोसा था, न आज है, न कल होगा। हम 80 की 80 सीटें भी जीत जाएंगे तो भी हमें EVM पर भरोसा नहीं है। हम EVM से जीतेंगे और EVM को हटाएंगे।

7- सरकार बताए प्रति व्यक्ति आय कितनी हुई
सरकार कहती है कि 5‌वीं अर्थव्यवस्था बन गई। सरकार को यह बताना चाहिए प्रति व्यक्ति आय कितनी हुई है। देश की इकोनॉमी कितनी पहुंच गई। यूपी की इकोनॉमी को एक ट्रिलियन की बनना है तो 35% की ग्रोथ चाहिए। हम हैप्पीनेस इंडेक्स में कहां खड़े हैं।

ये भी पढ़ें..

योगी कैबिनेट में फिर नहीं पहुंचे केशव मौर्य:माध्यमिक में 2200 शिक्षक बहाल होंगे; कैबिनेट ने दी मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज (2 जुलाई) लोक भवन में कैबिनेट बैठक की। इसमें 12 में से 11 प्रस्ताव पास किए गए। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के खाली 2200 पदों पर पुनर्नियुक्ति होगी। इन्हें 25 से 30 हजार मानदेय दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर