मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: दावा- ज्ञानवापी रिपोर्ट में मंदिर के 32 सबूत; बिहार में JDU-RJD के गठबंधन में तल्खी; कोहली ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Nitish Kumar Bihar Political Crisis | Republic Day Parade

23 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर से जुड़ी रही, इसकी ASI रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है। एक खबर पद्म पुरस्कारों की रही। वहीं, ICC ने विराट कोहली को वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. देशभर में 75वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। रिपब्लिक डे परेड में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
  2. मराठा आरक्षण को लेकर मनोज जरांगे का मार्च मुंबई पहुंचेगा। वे यहां अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. ज्ञानवापी सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक, हिंदू पक्ष ने कहा- रिपोर्ट में मंदिर के 32 सबूत मिले

यह ज्ञानवापी मस्जिद है। हिंदू पक्ष का दावा है कि यहां पहले मंदिर था।

यह ज्ञानवापी मस्जिद है। हिंदू पक्ष का दावा है कि यहां पहले मंदिर था।

वाराणसी में ज्ञानवापी परिसर की ASI सर्वे रिपोर्ट गुरुवार रात सार्वजनिक कर दी गई। 839 पेज की रिपोर्ट हिंदू-मुस्लिम पक्ष को सौंपी गई। इसके बाद हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट में मंदिर होने के 32 सबूत मिले हैं। दीवारों पर कन्नड़, तेलुगु और देवनागरी में लेखनी मिली है। हालांकि, मुस्लिम पक्ष का कहना है कि रिपोर्ट पढ़ने के बाद ही कुछ कह सकेंगे।

हजार साल पुराने अवशेष मिलने का दावा: हिंदू पक्ष का कहना है कि रिपोर्ट में भगवान शिव के 3 नाम भी मिले हैं। ये हैं- जनार्दन, रुद्र और ओमेश्वर। मस्जिद के सारे पिलर पहले मंदिर के थे, जिन्हें मॉडिफाई करके मस्जिद में शामिल कर लिया गया। मस्जिद की पश्चिमी दीवार से साफ पता चला है कि वह मंदिर की है। यह दीवार 5 हजार साल पहले नागर शैली में बनी है। इसके नीचे 1 हजार साल पुराने अवशेष भी मिले हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. बिहार में JDU-RJD के गठबंधन में तल्खी, शाह ने बिहार ‌BJP नेताओं के साथ बैठक की
बिहार के CM नीतीश कुमार के एक बार फिर NDA में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। इसकी वजह है राजद और जदयू के बीच बढ़ी तल्खी। नीतीश ने 24 जनवरी को राजनीति में परिवारवाद को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद से दोनों दलों के बीच तनाव है। CM हाउस में नीतीश ने तो राबड़ी आवास पर लालू और तेजस्वी ने पार्टी नेताओं के साथ मीटिंग की। वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने अपने दिल्ली आवास पर बिहार भाजपा नेताओं से मुलाकात की। यह मीटिंग 95 मिनट चली।

कैबिनेट बैठक में भी तल्खी दिखी: महागठबंधन में तल्खी का असर नीतीश कैबिनेट की बैठक में भी दिखा। गुरुवार को कैबिनेट बैठक महज 15 मिनट में खत्म हो गई। यह पहली बार है कि इतने कम समय में कैबिनेट की बैठक खत्म हुई है। प्रेस ब्रीफिंग भी रद्द कर दी गई। 25 जनवरी को यह जानकारी सामने आई कि नीतीश 30 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा की पूर्णिया रैली में शामिल नहीं होंगे। हालांकि JDU ने राजद के साथ रैली में शामिल होने की बात कही थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. पद्म पुरस्कारों का ऐलान, वेंकैया, वैजयंती माला समेत 5 को पद्म विभूषण; मिथुन, राम नाइक समेत 17 को पद्म भूषण

सरकार ने 2024 के पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया है। एक्ट्रेस वैजयंती माला, एक्टर चिरंजीवी, बिंदेश्वर पाठक (मरणोपरांत) और वेंकैया नायडू समेत 5 लोगों को पद्म विभूषण दिया जाएगा। मिथुन चक्रवर्ती, राम नाइक, ऊषा उत्थुप समेत 17 काे पद्म भूषण के लिए चुना गया है। वहीं देश की पहली महिला महावत पार्वती बरुआ समेत 110 हस्तियों को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाएंगे। पद्म पुरस्कार विजेताओं में से 30 महिलाएं हैं। 9 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं।

किन क्षेत्र में पद्म पुरस्कार दिए जाते हैं: पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं। यह कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, साइंस एंड इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि के क्षेत्र में दिए जाते हैं। ‘पद्म विभूषण’ असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। ‘पद्म भूषण’ के उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और ‘पद्मश्री’ किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. जयपुर में मोदी और मैक्रों का रोड शो, चाय पर चर्चा की, जंतर-मंतर में गले मिले दोनों नेता

फुटेज में PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चाय पीते नजर आ रहे हैं।

फुटेज में PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चाय पीते नजर आ रहे हैं।

भारत दौरे के पहले दिन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जयपुर पहुंचे। PM मोदी और मैक्रों ने यहां करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इसके बाद दोनों ने हवा महल देखा। दोनों नेताओं ने जयपुर की गलियों में शॉपिंग की। इस दौरान मोदी ने मैक्रों को UPI पेमेंट सिस्टम के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने चाय पी। जिसका पेमेंट राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने UPI से किया।

रिपब्लिक डे परेड में चीफ गेस्ट होंगे मैक्रों: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत के गणतंत्र दिवस परेड में बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे। ​ऐसा छठी बार है जब कोई फ्रांसीसी राष्ट्रपति भारत की गणतंत्र दिवस परेड में चीफ गेस्ट बन रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. कोहली बने ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर, पैट कमिंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए

विराट कोहली को ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2023 चुना गया है। अवॉर्ड की रेस में विराट के साथ भारत के शुभमन गिल, मोहम्मद शमी और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल भी थे। विराट को चौथी बार यह अवॉर्ड मिला है। इससे पहले वे 2012, 2017 और 2018 में भी वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने थे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है।

13 कैटेगरी में अवॉर्ड बांटे: ICC ने गुरुवार को 13 कैटेगरी में अवॉर्ड बांटे। इनमें टेस्ट, वनडे और टी-20 टीम ऑफ द ईयर के साथ तीनों फॉर्मेट के मेंस एंड विमेंस क्रिकेटर ऑफ ईयर के नाम जारी किए गए। सूर्यकुमार यादव टी-20 के क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. हिंडनबर्ग रिपोर्ट का एक साल, अडाणी बोले- आरोप झूठे थे, इस अनुभव ने कंपनी को अहम सबक सिखाया
अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट को एक साल पूरे हो चुके है। ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने एक लेटर में कहा है कि ग्रुप के खिलाफ झूठ और बेबुनियाद आरोप कोई नई बात नहीं थी। इस अनुभव ने कंपनी को अहम सबक सिखाया है। हमारी कंपनियों के प्रदर्शन से पता चलता है कि आरोप निराधार थे।

अडाणी ग्रुप पर क्या आरोप लगे: 24 जनवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए थे। रिपोर्ट सामने आने के बाद कंपनी के ज्यादातर शेयर्स की कीमत आधे से ज्यादा गिर गई थी। SEBI इस मामले की जांच कर रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. भारत पर कनाडा के चुनाव में दखल का आरोप, जांच कमीशन ने ट्रूडो सरकार से जानकारी मांगी
कनाडा ने भारत, चीन और रूस पर अपने चुनावों में दखल देने का आरोप लगाया है। इलेक्शन में विदेशी दखल की जांच के लिए बने कमीशन ने ट्रूडो सरकार से मामले की जानकारी मांगी है। पिछले साल सितंबर में आई रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चीन ने कनाडा में 2019 और 2021 में हुए संघीय चुनाव में दखल दिया था। आरोप है कि जस्टिन ट्रूडो को जीत दिलाने में मदद की गई थी।

कमीशन ने मामले से जुड़े डॉक्यूमेंट्स मांगे: कमीशन ने बताया कि उन्होंने सरकार से इन चुनावों में भारत के तथाकथित दखल से जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा है। कमीशन इस बात की भी जांच करेगा कि सरकार को इस मामले की कितनी जानकारी थी और इस पर क्या कदम उठाए गए। कनाडा में मौजूद भारतीय हाई कमीशन या भारत सरकार ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: कर्नाटक के पूर्व CM शेट्टार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में लौटे: 7 महीने पहले टिकट कटने से नाराज होकर पार्टी छोड़ दी थी (पढ़ें पूरी खबर)
  2. स्पोर्ट्स: हैदराबाद टेस्ट का पहला दिन भारत के नाम: इंग्लैंड की पहली पारी 246 पर सिमटी; भारत 119/1, जायसवाल 76 रन पर नाबाद लौटे (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: तेलंगाना में अधिकारी के पास 100 करोड़ की संपत्ति मिली: ACB ने 40 लाख कैश, 2 KG सोना, महंगी घड़ियां और गैजेट्स जब्त किए (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: BJP ने लॉन्च किया लोकसभा चुनाव का कैंपेन: थीम सॉन्ग लिखा- सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, इसलिए सब मोदी को चुनते हैं (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नेशनल: फर्स्ट टाइम वोटर्स से बोले PM मोदी: आप पर विकास की जिम्मेदारी, बताएं BJP का मैनिफेस्टो कैसा हो (पढ़ें पूरी खबर)
  6. नेशनल: प्राण प्रतिष्ठा के दौरान दंगा भड़काने की कोशिश: हिमंता बोले- असम में राहुल ने साजिश रची, लोकसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी (पढ़ें पूरी खबर)
  7. स्पोर्ट्स: बॉक्सर मैरी कॉम ने कहा- मैंने संन्यास नहीं लिया: पहले उनके बॉक्सिंग को अलविदा कहने की खबर आई थी; कहा- मुझे गलत समझ लिया गया (पढ़ें पूरी खबर)
  8. बिजनेस: अडाणी पावर के तीसरी तिमाही के नतीजे घोषित: Q3FY24 में कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹2,738 करोड़ रहा, रेवेन्यू 67.3% बढ़ा (पढ़ें पूरी खबर)
  9. इंटरनेशनल: मालदीव की विपक्षी पार्टियां भारत-विरोधी नीति के खिलाफ: कहा- सबसे पुराने सहयोगी से अलग होना गलत; मुइज्जू सरकार की पॉलिसी से तनाव बढ़ेगा (पढ़ें पूरी खबर)
  10. इंटरनेशनल: इजराइल-हमास के बीच हो सकती होस्टेज डील: अमेरिका, इजिप्ट और कतर की हमास से बातचीत, गाजा में इजराइली सेना के हमले जारी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

70 साल में पहली बार सऊदी में शराब बिक्री

सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने लिकर स्टोर खोलने की मंजूरी दी है। (फाइल)

सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने लिकर स्टोर खोलने की मंजूरी दी है। (फाइल)

सऊदी अरब में 1952 के बाद पहली बार शराब की बिक्री के लिए स्टोर खुला है। फिलहाल सिर्फ गैर मुस्लिम डिप्लोमैट ही यहां से शराब खरीद सकेंगे। इसके लिए उन्हें आईडेंटिटी कार्ड दिखाना होगा। 1951 में सऊदी किंग अब्दुलअजीज के बेटे ने एक पार्टी के दौरान ब्रिटिश डिप्लोमैट को नशे में गोली मार दी थी। डिप्लोमैट की मौत के बाद शराब बिक्री पर बैन लगा दिया गया था। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…